
खसरा नंबर 1100 की भूमि निजी नाम दर्ज होने पर सवाल, दस्तावेजों की जांच कर शासकीय मद में दर्ज करने की मांग

कटनी। कलेक्टर जनसुनवाई में बुधवार को ग्राम खम्हरिया नंबर-1, तहसील रीठी के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि के निजी नाम दर्ज होने का मामला उठाते हुए कलेक्टर के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की। ग्रामीणों ने खसरा नंबर 1100, रकबा 2.06 हेक्टेयर भूमि के राजस्व रिकॉर्ड में हुए नामांतरण एवं संशोधन की जांच कराने की मांग की है।
कटनी। कलेक्टर जनसुनवाई में बुधवार को ग्राम खम्हरिया नंबर-1, तहसील रीठी के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि के निजी नाम दर्ज होने का मामला उठाते हुए कलेक्टर के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की। ग्रामीणों ने खसरा नंबर 1100, रकबा 2.06 हेक्टेयर भूमि के राजस्व रिकॉर्ड में हुए नामांतरण एवं संशोधन की जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, ग्राम खम्हरिया नंबर-1 स्थित खसरा नंबर 1100 की भूमि वर्ष 1988 सहित बाद के कई वर्षों के राजस्व अभिलेखों में ‘घास मद, मध्यप्रदेश शासन’ के नाम दर्ज रही है। ग्रामीणों का दावा है कि वर्ष 2002-03 में इसी भूमि पर ग्राम पंचायत खम्हरिया नंबर-1 द्वारा तालाब का निर्माण कराया गया था। वर्ष 2011-12 के रिकॉर्ड में भी उक्त भूमि ‘घास मद, मध्यप्रदेश शासन, पानी तलैया’ के रूप में दर्ज होने का उल्लेख शिकायत में किया गया है।
शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2018-19 के रिकॉर्ड में उक्त शासकीय भूमि धन्नू वल्द रामचरण, जाति यादव के नाम दर्ज दिखाई देती है, जबकि वर्ष 2021-22 में नाम संशोधन कर धनीराम वल्द रामचरण, जाति यादव दर्ज किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि नाम संशोधन से संबंधित किसी न्यायालयीन आदेश की जानकारी उन्हें नहीं है। इसी आधार पर उन्होंने राजस्व रिकॉर्ड में हुए बदलाव की जांच की मांग की है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि वर्ष 1988 से 2026 तक के खसरा अभिलेखों की जांच कर भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए। यदि रिकॉर्ड में नियम विरुद्ध तरीके से नाम दर्ज पाया जाता है तो भूमि को पुनः शासकीय मद में दर्ज करते हुए ‘पानी तलैया’ के रूप में दर्ज करने की कार्रवाई की जाए।
आवेदन के साथ ग्रामीणों ने वर्ष 1988 से 2026 तक के खसरा अभिलेखों की छायाप्रतियां भी संलग्न की हैं। शिकायत में श्यामसुंदर, रज्जन प्रसाद, महेश प्रसाद, कमलेश, रामदास, राजेश, अरविंद, भैयालाल, आनंद, मनोज कुमार, द्वारका, प्रेमचंद्र, संदीप कुमार, उदयभान सहित ग्राम के अन्य ग्रामीणों के नाम शामिल हैं।
