
9-10 अक्टूबर को बाबा नारायण शाह दरबार में होगा आयोजन, सुरक्षा से लेकर यातायात व नागरिक सुविधाओं की हुई समीक्षा

कटनी। बाबा नारायण शाह दरबार में 9 एवं 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाले वर्षी उत्सव मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। मेले में कटनी सहित अन्य जिलों से सिंधी समाज के श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य पुलिस एवं प्रशासनिक अमले के साथ बाबा नारायण शाह दरबार पहुंचे। अधिकारियों ने निर्माणाधीन पंडालों सहित आयोजन स्थल की व्यवस्थाएं देखीं और आयोजन समिति एवं सिंधी समाज के प्रतिनिधियों से चर्चा कर तैयारियों की जानकारी ली।
रेल यात्रियों की सुरक्षा पर भी रहेगी नजर
अन्य जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रेल मार्ग से पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेलवे एवं जीआरपी के अधिकारी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे। रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक समन्वय पर चर्चा की गई।
वहीं मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यातायात थाना की आरआई अंजू लकड़ा एवं एसआई शशिभूषण दुबे ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। माधवनगर थाना क्षेत्र में आयोजन होने के कारण थाना प्रभारी शैलेन्द्र यादव के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती और कानून-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
पेयजल व अन्य सुविधाओं की भी समीक्षा
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम की टीम ने भी आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। पेयजल, टेंट, दुकानों और अन्य नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था को लेकर तैयारियों की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने अधिकारियों को वर्षी उत्सव की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया। प्रशासन ने मेले के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
