
तीन स्थानों से दोपहर 3 बजे शुरू होगा संचलन, शाम 4:30 बजे फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड में होगा समापन
कटनी।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 101 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कटनी नगर में रविवार, 1 नवंबर को विजयादशमी उत्सव एवं भव्य पथ संचलन का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में कटनी नगर के विभिन्न उपनगरों के स्वयंसेवक शामिल होंगे। संघ की ओर से पथ संचलन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। नगर के तीन अलग-अलग स्थानों से निकलने वाले संचलन का समापन फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड में होगा।
संघ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पथ संचलन दोपहर 3 बजे प्रारंभ होगा। इसके तहत शिव एवं सुभाष उपनगर का संचलन नदीपार स्थित सत्य ज्योति मैरिज गार्डन से निकलेगा। वहीं, माधव एवं रंगनाथ उपनगर का संचलन कटाए घाट मोड़ स्थित निर्मल सत्य गार्डन से तथा तिलक एवं एनकेजे उपनगर का संचलन प्लेटफॉर्म नंबर 5 स्थित लाल ग्राउंड से प्रारंभ होगा।
तीनों स्थानों से निकलने वाले पथ संचलन का समापन शाम 4:30 बजे फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड, कटनी में निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर संघ के स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में सहभागिता करेंगे।
संघ की ओर से सभी स्वयंसेवकों से निर्धारित समय पर पूर्ण गणवेश में उपस्थित रहने की अपील की गई है। गणवेश संबंधी जानकारी एवं व्यवस्था के लिए 8770255288, 9425999557, 9425156922 और 9893142109 पर संपर्क किया जा सकता है।
नगर कार्यवाह की ओर से स्वयंसेवकों से विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन में सक्रिय सहभागिता करने का आग्रह किया गया है।
