
जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए करंट की चपेट में गई युवक की जान, पहचान छिपाने शव जलाया और 40 किमी दूर फेंका; तीन आरोपी गिरफ्तार
कटनी। बहोरीबंद थाना क्षेत्र में महाशिवरात्रि के दिन सिद्ध बाबा रोड स्थित स्टॉप डैम के पास बांस के झुरमुट में मिली अज्ञात युवक की सड़ी-गली लाश की गुत्थी को आखिरकार कटनी पुलिस ने छह माह बाद सुलझा लिया। गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि युवक की मौत जंगली जानवरों के शिकार के लिए लगाए गए बिजली के करंट की चपेट में आने से हुई थी। घटना के बाद आरोपियों ने खुद को बचाने के लिए शव को जलाया और मोटरसाइकिल से लगभग 40 किलोमीटर दूर ले जाकर सिद्ध बाबा रोड के पास बांस के झुरमुट में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि के दौरान सिद्ध बाबा रोड के समीप एक अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिला था। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया हत्या कर साक्ष्य छिपाने की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 92/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एक कपड़े की पर्ची बनी पूरे केस की सबसे बड़ी कड़ी
जांच के दौरान पुलिस को मृतक की शर्ट के कॉलर पर “RS टेलर्स, मझौली” की पर्ची मिली। इसी सुराग के आधार पर मझौली और आसपास के गांवों में तलाश शुरू की गई। काफी प्रयासों के बाद पड़वार निवासी गोपाल बर्मन थाने पहुंचे। उन्होंने कपड़ों और जेब में रखी सूखी पत्ती देखकर आशंका जताई कि शव उनके बेटे दुर्गा बर्मन का हो सकता है। पुलिस ने डीएनए जांच कराई, जिसमें यह पुष्टि हो गई कि शव दुर्गा बर्मन का ही था।
करंट से हुई मौत, फिर रची गई साजिश
मृतक के पिता से पूछताछ में पता चला कि दुर्गा अक्सर कोल्हई देव जंगल में घूमता था। पुलिस ने जंगल की तलाशी ली, जहां महुआ के पेड़ के पास मृतक के रेडियो की बैटरी, गुलेल और अधजले कपड़े बरामद हुए। इसके बाद मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खुलासा हुआ कि कुछ लोग जंगल में करंट लगाकर जंगली सूअर और खरगोश का शिकार करते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि महाशिवरात्रि की रात शिकार के लिए बिजली का करंट बिछाया गया था। देर रात जब वे तार समेटने पहुंचे तो महुआ के पेड़ के पास दुर्गा बर्मन मृत अवस्था में पड़ा मिला। मृतक को पहचानने के बाद सभी ने पुलिस कार्रवाई के डर से शव को जलाने और दूसरे स्थान पर फेंकने की साजिश रची।
मोटरसाइकिल पर शव ले जाकर बांस के झुरमुट में छिपाया
आरोपियों ने शव को मोटरसाइकिल के बीच में रखकर पड़वार, प्रेमनगर, जोहली, रोसरी और बचैया होते हुए सिद्ध बाबा रोड स्थित बांस के झुरमुट में फेंक दिया, ताकि पुलिस पहचान और घटना स्थल तक न पहुंच सके।
तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की भूमिका की जांच जारी
पुलिस ने मामले में धर्मेन्द्र उर्फ टिक्कू यादव (23), धर्मेन्द्र उर्फ धम्मू गोटिया (30) और सुखदेव उर्फ सुक्के यादव (31) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं, मामले में सचिन गोटिया और कुराई सहित अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस अंधे हत्याकांड के खुलासे में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी, थाना प्रभारी विजय कुमार विश्वकर्मा, निरीक्षक शैलेन्द्र यादव, बहोरीबंद थाना पुलिस एवं साइबर सेल कटनी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
