
कोतवाली थाना और यातायात चौकी से कुछ दूरी पर हुई चोरी, सुबह 3:58 बजे दो युवकों ने दिया घटना को अंजाम
कटनी। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल मिशन चौक में वाहन चोरों ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए घर के बाहर खड़ी स्कूटी चोरी कर ली। हैरानी की बात यह है कि वारदात कोतवाली थाना और यातायात चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार मिशन चौक निवासी मोहम्मद हसनाथ ने अपनी सफेद रंग की एक्टिवा/स्कूटी (क्रमांक MP 21 ZD 9679) घर के बाहर खड़ी की थी। गुरुवार तड़के सुबह 3:58 बजे दो अज्ञात युवक मौके पर पहुंचे। दोनों ने पहले आसपास का जायजा लिया और फिर स्कूटी के लॉक पर लगातार लात मारकर उसे तोड़ दिया। लॉक टूटते ही आरोपी कुछ ही सेकंड में स्कूटी लेकर फरार हो गए।
CCTV फुटेज में दोनों संदिग्ध युवक स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में उनका बेखौफ अंदाज यह दर्शाता है कि उन्हें किसी कार्रवाई का डर नहीं था। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने से वाहन चोर गिरोह सक्रिय हो गए हैं। मिशन चौक, माधवनगर, स्टेशन रोड सहित शहर के कई इलाकों में लगातार वाहन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच करने और वाहन चोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा CCTV वीडियो शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।
