
कटनी। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ, जिला शाखा कटनी ने गुरुवार को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से मुलाकात कर उनका पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया। इस दौरान संघ ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए उन्हें ई-अटेंडेंस व्यवस्था से छूट प्रदान किए जाने की मांग उठाई।
संघ के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके एवं मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और व्यावहारिक परिस्थितियों को देखते हुए ई-अटेंडेंस व्यवस्था में उन्हें राहत दिए जाने की आवश्यकता है। इसी संबंध में प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग एवं आयुक्त, लोक शिक्षण संचालनालय, मध्य प्रदेश शासन के नाम जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में संघ ने मांग की कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को ई-अटेंडेंस प्रणाली से छूट प्रदान कर उनकी लंबे समय से चली आ रही व्यावहारिक समस्याओं का समाधान किया जाए। जिला शिक्षा अधिकारी ने संघ की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित स्तर पर उचित कार्रवाई एवं सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर संघ के उप प्रांताध्यक्ष अजय गौतम, सेवानिवृत्त शिक्षक प्रमोद मिश्रा, मनोज श्रीवास, सौरभ सिंह, राकेश जसूजा, अजीमुद्दीन शाह, नीलेश पौराणिक, कमलेश पांडेय, स्थायी कर्मी संघ के अध्यक्ष भागीरथ तिवारी, धर्मेंद्र राज, बालकदास, अरुण मिश्रा, सतीश पटेल, अभिषेक सिंह मरावी, आयुष पांडेय, वर्षा देशमुख, सत्येंद्र कोरी, रामलोचन यादव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं संघ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
