
कटनी। शहर के माधवनगर थाना क्षेत्र में गौवंश के साथ कथित अप्राकृतिक कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही माधवनगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक 62 वर्षीय बुजुर्ग को अभिरक्षा में ले लिया है। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
जानकारी के अनुसार नगर निगम कर्मचारी करण मिश्रा ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के संबंध में माधवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू की और प्रारंभिक जांच के आधार पर माधवनगर निवासी अमृतलाल कोटवानी (62 वर्ष) को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि वायरल वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है। वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मामले की जांच पूरी होने से पहले किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी या भ्रामक सामग्री सोशल मीडिया पर साझा न करें। जांच पूरी होने के बाद ही मामले के संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
