कटनी। आगामी ग्रीष्मकाल को देखते हुए कटनी शहर में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा व्यापक स्तर पर निरीक्षण एवं समीक्षा की गई। एमआईसी सदस्य एवं संबंधित अधिकारियों के साथ फ़िल्टर प्लांट बैराज और जल शोधन संयंत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान अमकुही स्थित 20 एमएलडी एवं सुरम्य पार्क के समीप 9 एमएलडी जल शोधन संयंत्रों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने फिल्टर यूनिट्स, ब्लीचिंग डोजिंग सिस्टम, एयर कंप्रेसर मशीन सहित जल शुद्धिकरण की विभिन्न प्रक्रियाओं का अवलोकन किया।

इसके पश्चात आयोजित समीक्षा बैठक में शहर के सभी वार्डों की जल आपूर्ति व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पानी की उपलब्धता, टैंकर एवं ट्रैक्टर के माध्यम से सप्लाई, ट्यूबवेल की स्थिति, सप्लाई का समय, टंकियों की स्थिति, पाइपलाइन मरम्मत, पानी की गुणवत्ता जांच एवं प्याऊ व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समीक्षा की गई। साथ ही अमृत योजना-2 के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति भी जांची गई।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बढ़ती गर्मी के मद्देनजर सभी व्यवस्थाएं पूर्व से ही दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि जल आपूर्ति में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। नियमित मॉनिटरिंग, रख-रखाव एवं तकनीकी निरीक्षण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी वार्ड में पानी से संबंधित समस्या हो, तो वे दिए गए सोशल मीडिया लिंक के माध्यम से जानकारी साझा करें, ताकि त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
