कटनी। जबलपुर डिवीजन के अंतर्गत आने वाले कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाएं एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। मंगलवार देर रात करीब 1 बजे स्टेशन पर अव्यवस्थाओं का आलम देखने को मिला, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


स्टेशन परिसर में चारों ओर गंदगी फैली हुई थी, जिससे यात्रियों को बैठने और ठहरने में दिक्कत हुई। वहीं प्लेटफॉर्म पर लगे पंखे बंद पड़े थे, जिससे गर्मी और उमस के कारण यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। मच्छरों से बचाव के लिए लगाई गई मशीन भी बंद पड़ी मिली, जिससे यात्रियों को रातभर मच्छरों के बीच समय बिताना पड़ा।
यात्रियों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए जब स्टेशन मास्टर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला। ऐसे में यात्रियों के पास अपनी शिकायत दर्ज कराने का कोई माध्यम नहीं रहा।
यात्रियों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए जब स्टेशन मास्टर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला। ऐसे में यात्रियों के पास अपनी शिकायत दर्ज कराने का कोई माध्यम नहीं रहा।
स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी स्टेशन पर ऐसी अव्यवस्थाएं सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
यात्रियों ने रेल प्रशासन से मांग की है कि स्टेशन की साफ-सफाई, पंखों की व्यवस्था और मच्छर नियंत्रण के लिए तत्काल प्रभाव से उचित कदम उठाए जाएं, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।
— रिपोर्टर : हेमन्त सिंह, कटनी
