सुबह 5 बजे से कतार में खड़े उपभोक्ता परेशान, प्रशासन के दावे पर उठे सवाल
कटनी। शहर में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार सुबह करीब 5 बजे से ही एचपी और भारत गैस के उपभोक्ता सिलेंडर प्राप्त करने के लिए कतार में खड़े नजर आए, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें गैस नहीं मिल सकी।
उपभोक्ताओं का कहना है कि वे पिछले दो दिनों से गैस सिलेंडर की उम्मीद में एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार निराशा ही हाथ लग रही है। सुबह से लाइन में खड़े रहने के बावजूद जब 10 बजे तक भी सिलेंडर नहीं मिला, तो लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया।स्थानीय उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस सिलेंडर की व्यवस्था नहीं की गई,
तो वे माधव नगर गेट के सामने खाली सिलेंडर रखकर चक्का जाम करेंगे।वहीं, दूसरी ओर जिला कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा यह दावा किया जा रहा है कि कटनी जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है।
लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है, जिससे प्रशासन के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो शहर में विरोध प्रदर्शन तेज हो सकता है।
