
कटनी। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वाराणसी स्थित संत रविदास जी की पावन जन्मस्थली से भोपाल तक निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा का कटनी जिले में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ स्वागत एवं पूजन किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक सोनी टंडन के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में ‘समरसता संकल्प अभियान’ समिति के संयोजक पार्षद श्री सुखदेव चौधरी, सह संयोजक श्री ओमेंद्र ओमी अहिरवार, श्री शिवकुमार बब्लू चौधरी, महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक, श्री रामरतन पायल, श्री पीतांबर टोपनानी, श्री शशांक श्रीवास्तव, श्री सुरेश सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने यात्रा का पुष्पवर्षा एवं विधि-विधान से पूजन कर स्वागत किया।
इस अवसर पर उपस्थित नेताओं ने संत गुरु रविदास महाराज के समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि समाज में जातीय भेदभाव समाप्त कर सभी वर्गों को साथ लेकर चलना ही संत रविदास के जीवन का मूल संदेश रहा है।
विशेष टिप्पणी
संत रविदास केवल किसी एक समाज या वर्ग के संत नहीं, बल्कि पूरे भारतीय समाज के लिए समानता, श्रम की गरिमा और मानवता के प्रतीक हैं। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता की मजबूत नींव माने जाते हैं। ऐसे में यदि ‘समरसता संकल्प अभियान’ केवल यात्रा, स्वागत और मंचीय कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर गांव-गांव, मोहल्लों, विद्यालयों और समाज के प्रत्येक वर्ग तक व्यवहारिक रूप में पहुंचे, तभी संत रविदास के विचारों का वास्तविक सम्मान होगा। सामाजिक समरसता का संदेश तब और प्रभावी होगा, जब समाज और राजनीति दोनों स्तरों पर समान अवसर, सम्मान और सौहार्द को व्यवहार में उतारा जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने संत रविदास महाराज के आदर्शों पर चलने तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
