
कटनी। शहर के रचना नगर निवासी एक स्वर्णकार के साथ लाखों रुपये मूल्य के सोने के न्यारे (सोने के कण) की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि तीन युवक सोने का न्यारा खरीदने के बहाने उसके घर पहुंचे और बातचीत के दौरान उसे उलझाकर करीब ₹5.50 से ₹6 लाख मूल्य के सोने के कणों से भरी थैली लेकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार पूरा घटनाक्रम घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हुआ है।
घटना के बाद शिकायतकर्ता अविनेश सोनी (लकी सोनी) पिता ओमकार सोनी, निवासी रचना नगर वार्ड क्रमांक-5, गली नंबर-1, कटनी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई एवं चोरी हुए सोने की बरामदगी की मांग की है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि सराफा बाजार स्थित कुएं के पास उसकी मुलाकात तीन व्यक्तियों से हुई थी। उन्होंने स्वयं को सोने का न्यारा खरीदने वाला बताते हुए माल देखने की इच्छा जताई। इसके बाद वह उन्हें अपने घर ले गया, जहां सोने के न्यारे को लेकर बातचीत हुई।
पीड़ित के अनुसार, सोने के न्यारे की कीमत को लेकर बातचीत के बाद ₹4.80 लाख में सौदा तय हुआ। इसी दौरान दो व्यक्तियों ने उसे अपनी बातों में उलझाए रखा, जबकि तीसरे व्यक्ति ने कथित रूप से बोरी में रखी सोने के कणों वाली थैली निकाल ली। इसके बाद तीनों ने अगले दिन रुपये देकर पूरा माल ले जाने की बात कही और वहां से चले गए।
अगले दिन जब पीड़ित ने आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। बाद में दूसरे मोबाइल नंबर से संपर्क करने पर एक व्यक्ति ने खुद को जबलपुर में होना बताया और शाम तक कटनी आने की बात कही, लेकिन बाद में मोबाइल बंद हो गया। संदेह होने पर जब बोरी की जांच की गई तो उसमें रखी सोने के कणों वाली थैली गायब मिली।
पीड़ित का कहना है कि घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में CCTV फुटेज उपलब्ध है, जिसमें आरोपियों की गतिविधियां कैद हुई हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस से CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने और सोना बरामद कराने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस को शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कानूनी कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।
