
जलजमाव और गड्ढों से त्रस्त ग्रामीणों ने सड़क पर खड़ी भैंस के सामने बजाई बीन, एक सप्ताह में मरम्मत नहीं होने पर चक्का जाम की चेतावनी….
रिपोर्ट: सुनील सिंगोते, कैमोर
कैमोर। देवरी–मझगवा मार्ग की जर्जर हालत और सड़क पर लंबे समय से बने जलजमाव से परेशान स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) का ध्यान आकर्षित करने के लिए शुक्रवार को अनोखा गांधीवादी विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने सड़क पर भरे पानी के बीच एक भैंस खड़ी कर उसके सामने बीन बजाई। इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन के माध्यम से उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की कि विभाग को कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, मानो “भैंस के आगे बीन बजाई जा रही हो।”
प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने कहा कि सड़क की बदहाली, गहरे गड्ढों और जलभराव की समस्या से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार अधिकारियों को शिकायत देने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने नारे लगाते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। इसलिए विभाग को प्रतीकात्मक रूप से भैंस का स्वरूप मानकर उसके आगे बीन बजाकर चेतावनी दी जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि सात दिनों के भीतर सड़क के गड्ढों की मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन करने के साथ चक्का जाम करने के लिए बाध्य होंगे।
अब देखना होगा कि जनता के इस अनोखे और प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन के बाद लोक निर्माण विभाग कब तक इस समस्या का स्थायी समाधान करता है या फिर लोगों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
