
एसपी के मार्गदर्शन में 50 से अधिक ऑटो की जांच, लाइसेंस-वर्दी-इंश्योरेंस से लेकर ओवरलोडिंग तक हुई पड़ताल

कटनी, 17 अगस्त 2026।
शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने और ऑटो में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कटनी ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार शाम कोतवाली थाना चौराहा एवं कोतवाली परिसर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई से ऑटो चालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।
ट्रैफिक टीआई अनूप सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस बल ने मार्ग से गुजर रहे ऑटो को रोककर उनके दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। अभियान के दौरान 50 से अधिक ऑटो चालकों को रोककर दस्तावेजों की जांच की जा चुकी है। पुलिस ने विशेष रूप से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का इंश्योरेंस, निर्धारित वर्दी तथा अन्य जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की।
ओवरलोडिंग पर भी नजर
जांच के दौरान ऑटो में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर चलने वाले चालकों पर भी यातायात पुलिस की नजर रही। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस ने चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाएं और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखकर ही वाहन संचालित करें।
यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि
यातायात पुलिस का कहना है कि ऑटो शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, ऐसे में ऑटो चालकों द्वारा यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। दस्तावेजों की जांच के साथ पुलिस द्वारा चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की समझाइश भी दी गई।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि यह जांच अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ लगातार जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य चालान करना मात्र नहीं, बल्कि ऑटो संचालन में नियमों का पालन सुनिश्चित कर यात्रियों और आम राहगीरों की सुरक्षा को मजबूत करना है।
कार्रवाई में पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
अभियान में सूबेदार सोनम उइके, एसआई अशोक सिंह, एसआई शशिभूषण दुबे, एसआई ईश्वर बागरी, एएसआई महेश झारिया, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र सिंह, आरक्षक मंजय यादव, आरक्षक राजकुमार अहिरवार, प्रधान आरक्षक प्रवीण सिंह, प्रधान आरक्षक अनूप इक्का एवं प्रधान आरक्षक लेखपाल सिंह सहित यातायात पुलिस बल मौजूद रहा।
ट्रैफिक पुलिस की इस सख्ती के बाद अब शहर में नियमों को ताक पर रखकर ऑटो संचालित करने वालों पर कार्रवाई का सिलसिला और तेज होने के संकेत हैं।
