
ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर सख्ती जारी, वाहन चालक पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई
कटनी, 18 अगस्त 2026। शहर की सड़कों पर बुलेट और अन्य दोपहिया वाहनों से निकलने वाली तेज एवं कर्कश आवाज अब ट्रैफिक पुलिस की नजर से नहीं बच पाएगी। ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ कटनी यातायात पुलिस ने अपना शिकंजा और कस दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुलेट में लगे कानफोड़ू मॉडिफाइड साइलेंसर को मौके पर ही निकलवाया और वाहन चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
चंडाक चौक पर बुलेट का निकला मॉडिफाइड साइलेंसर
अभियान के तहत सोमवार रात करीब 8 बजे चंडाक चौक पर यातायात पुलिस ने एक बुलेट मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका। वाहन में तेज एवं कर्कश आवाज करने वाला मॉडिफाइड साइलेंसर लगा पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही साइलेंसर निकलवाया और वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की।
इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 11 बजे झिंझरी स्थित मारुति शोरूम के पास मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहन की शिकायत मिलने पर यातायात पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान वाहन में लगा अनधिकृत एवं तेज आवाज करने वाला साइलेंसर पाया गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही निकलवा दिया। वाहन चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माना सहित वैधानिक कार्रवाई की गई।
दर्जनों वाहनों पर हो चुकी कार्रवाई
यातायात पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान अब तक दर्जनों मॉडिफाइड साइलेंसर लगे दोपहिया वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है। वाहनों से अनधिकृत साइलेंसर निकलवाने के साथ ही संबंधित वाहन चालकों पर नियमानुसार जुर्माना भी लगाया गया है।
‘स्टाइल’ के नाम पर कानफोड़ू आवाज बर्दाश्त नहीं
यातायात पुलिस ने साफ कर दिया है कि वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानकों के विपरीत ऐसे मॉडिफाइड साइलेंसर लगाना, जिनसे अत्यधिक तेज और कर्कश आवाज निकलती है, किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सड़क पर स्टाइल और रौब दिखाने के नाम पर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानकों वाले साइलेंसर का ही उपयोग करें और अनावश्यक तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर से बचें।
ट्रैफिक पुलिस का संदेश साफ है—सड़क पर स्टाइल के नाम पर कानफोड़ू आवाज नहीं, नियमों का पालन ही सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात की पहचान है।
