

कटनी, 17 अगस्त 2026।
कटनी जिले में स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुनः फॉरेस्टर प्लेग्राउंड में आयोजित किए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में समाजसेवी इंद्र मिश्रा ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर पूर्व की परंपरा बहाल करने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि सांसद, प्रभारी मंत्री सहित जिले के सभी विधायकों को भी भेजी गई है।
समाजसेवी इंद्र मिश्रा ने अपने आवेदन में कहा कि आजादी के बाद से कटनी में स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों के जिला स्तरीय मुख्य समारोह पारंपरिक रूप से फॉरेस्टर प्लेग्राउंड में आयोजित होते रहे हैं। इन आयोजनों में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से नागरिक, विद्यार्थी, अभिभावक, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल होते थे।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि कोरोना काल के दौरान परिस्थितियों के चलते राष्ट्रीय पर्वों के मुख्य समारोह को फॉरेस्टर प्लेग्राउंड से स्थानांतरित कर पुलिस लाइन में आयोजित किया जाने लगा। परिस्थितियां सामान्य होने के बावजूद समारोह को पुनः फॉरेस्टर प्लेग्राउंड में प्रारंभ नहीं किया गया।
शहर के बीच मैदान होने से बढ़ती थी जनभागीदारी
इंद्र मिश्रा का कहना है कि फॉरेस्टर प्लेग्राउंड शहर के मध्य स्थित होने के कारण आम नागरिकों के लिए आसानी से पहुंच योग्य है। यहां समारोह होने पर छोटे स्कूली बच्चों, अभिभावकों और आम नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रहती थी। वहीं पुलिस लाइन में आयोजन होने के कारण दूरी और आवागमन की असुविधा के चलते कई नागरिक राष्ट्रीय पर्व के मुख्य समारोह में शामिल नहीं हो पाते।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति और सामाजिक सहभागिता के बड़े अवसर होते हैं। फॉरेस्टर प्लेग्राउंड में होने वाले समारोहों में बच्चों में विशेष उत्साह दिखाई देता था और उनके भीतर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा देश के प्रति गौरव की भावना को बढ़ावा मिलता था।
जनभागीदारी बढ़ाने की मांग
आवेदन के माध्यम से मांग की गई है कि स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह को पुनः फॉरेस्टर प्लेग्राउंड में आयोजित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही आम नागरिकों, स्कूली बच्चों एवं अभिभावकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय पर्वों की पुरानी परंपरा को पुनः बहाल करने की मांग की गई है।
समाजसेवी इंद्र मिश्रा ने प्रशासन से आगामी राष्ट्रीय पर्व से ही इस व्यवस्था को लागू करने का अनुरोध किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस जनहित के विषय पर सकारात्मक निर्णय लेंगे।
आवेदन की प्रतिलिपि सांसद विष्णु दत्त शर्मा, प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, विधायक संदीप जायसवाल, विधायक प्रणय पांडे एवं विधायक धीरेंद्र सिंह सहित पुलिस अधीक्षक कटनी को भी भेजी गई है।
“राष्ट्रीय पर्वों को फिर बनाएं जनभागीदारी का उत्सव”की भावना के साथ की गई इस मांग ने कटनी में एक बार फिर पुराने आयोजन स्थल पर राष्ट्रीय पर्व मनाए जाने की चर्चा को तेज कर दिया है।
जय हिंद। भारत माता की जय।
