ऑटो और कार की जोरदार भिड़ंत, चालक समेत 3 यात्री हुए घायल

कटनी। शहर के माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत झिंझरी चौकी के पास पीरबाबा मार्ग पर गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में सवारी ऑटो और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में ऑटो में सवार चालक समेत 3 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा 18 जून 2026 को सुबह करीब 8 बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में बैठे चालक समेत यात्री घायल हो गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही सायना मोड़ पर ड्यूटी पर तैनात यातायात थाना पुलिस कर्मी विजय चढ़ार मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए NHAI 1033 एम्बुलेंस सेवा को बुलाया, जिसके माध्यम से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया।अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर काफी जोरदार थी, जिससे ऑटो को भी नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने व्यवस्थित कराया।
