
कटनी। शिकायतकर्ता रोहन गर्ग द्वारा की गई शिकायत के आधार पर मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं पर्यावरण विभाग की टीम ने गुरुवार 18 जून 2026 को कलेक्टर कार्यालय के समीप स्थित वेदांश न्यूरो स्पाइन मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान शिकायत से जुड़े तथ्यों की पुष्टि होने पर विभाग ने नियमानुसार आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट के संग्रहण, भंडारण एवं प्रबंधन में अनियमितताओं की शिकायत विभाग को प्राप्त हुई थी।
शिकायत के आधार पर विभागीय टीम मौके पर पहुंची और अस्पताल परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। जांच के दौरान बायोमेडिकल वेस्ट सामग्री के भंडारण एवं प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया तथा आवश्यक दस्तावेजों एवं अभिलेखों की जांच की गई।निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों को शिकायत से जुड़े कुछ तथ्य मौके पर सही पाए गए, जिसके आधार पर मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
विभाग द्वारा जांच प्रतिवेदन तैयार कर सक्षम अधिकारियों को भेजा जाएगा, जिसके बाद पर्यावरण एवं बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन नियमों के तहत आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।कार्रवाई में आर.पी. शुक्ला (वैज्ञानिक), विजय शुक्ला (जिला पर्यावरण अधिकारी), जय शुक्ला (केमिस्ट) सहित विभागीय अमला उपस्थित रहा।
विभागीय सूत्रों के अनुसार निरीक्षण में प्राप्त तथ्यों एवं उपलब्ध दस्तावेजों के परीक्षण के बाद अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक निर्देश जारी किए जा सकते हैं तथा नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। यह कार्रवाई जिले में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने और पर्यावरणीय मानकों के पालन को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
