
कटनी। भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की भव्य रथयात्रा के दौरान जहां हजारों श्रद्धालु आस्था और भक्ति में लीन थे, वहीं भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरों ने भी अपनी सक्रियता दिखाई। रथयात्रा के दौरान कुछ श्रद्धालुओं की जेब कटने की सूचना सामने आई, जिससे आयोजन स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया और उसे पूछताछ के लिए कोतवाली थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और कितने संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी। वहीं, रथयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं से भी भीड़भाड़ वाले आयोजनों में अपने मोबाइल, पर्स एवं अन्य कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
