
कटनी, 30 जून। मुड़वारा तहसील क्षेत्र में भूमि विवाद का मामला एक बार फिर चर्चा में है। जालपा देवी वार्ड निवासी रामसहाय कुशवाहा ने अपनी स्वामित्व वाली भूमि पर निर्माण कार्य के दौरान कुछ लोगों द्वारा बाधा पहुंचाने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कटनी को शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायत के अनुसार, आवेदक रामसहाय कुशवाहा ने बताया कि मौजा मुड़वारा स्थित खसरा क्रमांक 385/8, 385/9 एवं 385/14 की भूमि उनके नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। उक्त भूमि पर वह वैधानिक रूप से निर्माण कार्य करा रहे हैं। आरोप है कि इसी दौरान नवाब खान, सन्नो खान सहित 20 से 25 लोग मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवाने लगे। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, उनके आवागमन के मार्ग में भी अवरोध उत्पन्न किया गया।
रामसहाय कुशवाहा का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उनके परिवार में भय का माहौल है। उन्होंने शिकायत में प्रशासन से मांग की है कि उनकी भूमि पर किए जा रहे वैधानिक निर्माण कार्य को सुरक्षा प्रदान की जाए, अवैध हस्तक्षेप करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए उन्हें आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
मामले की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन द्वारा जांच की प्रक्रिया प्रारंभ किए जाने की जानकारी मिली है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा प्रशासन को दिए गए आवेदन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)
