
कटनी/विजयराघवगढ़। विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक ने महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी शेरा मिश्रा को 24 घंटे के भीतर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपी ने तय समय में सरेंडर नहीं किया तो उसे धरती के जिस भी कोने में होगा, वहां से गिरफ्तार कराया जाएगा।
सोशल मीडिया के माध्यम से जारी अपने वीडियो संदेश में विधायक संजय पाठक ने कहा कि यदि शेरा मिश्रा यह संदेश देख रहा है तो वह तत्काल विजयराघवगढ़ थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण करे। उन्होंने आरोपी के परिजनों से भी अपील की कि यदि उनका उससे संपर्क हो तो उसे तुरंत पुलिस के समक्ष प्रस्तुत कराएं।
विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विजयराघवगढ़ क्षेत्र में किसी भी अपराधी को किसी प्रकार का संरक्षण नहीं मिलेगा। महिलाओं के साथ छेड़छाड़, दुष्कर्म का प्रयास अथवा किसी भी प्रकार के अपराध में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि कानून सभी के लिए समान है। कोई व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, चाहे वह नेता हो, पत्रकार हो या किसी बड़े पद पर बैठा हो, यदि वह अपराध करेगा तो उसे कानून के अनुसार सजा अवश्य मिलेगी।
विधायक के इस बयान के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की सख्ती का स्पष्ट संदेश माना जा रहा है।
