
कटनी जिले में भूमि विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। मुड़वारा तहसील अंतर्गत जालपा देवी वार्ड निवासी रामसहाय कुशवाहा पिता स्व. सुंदर लाल कुशवाहा ने अपनी पैतृक एवं स्वामित्व की भूमि पर कथित कब्जे की कोशिश, निर्माण कार्य में बाधा, जान से मारने की धमकी और मारपीट किए जाने के आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कटनी एवं कलेक्टर कटनी को लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत के अनुसार, मौजा मुड़वारा स्थित खसरा क्रमांक 385/8, 385/9 एवं 385/14 की भूमि राजस्व अभिलेखों में रामसहाय कुशवाहा के नाम दर्ज है। उनका कहना है कि वे अपनी भूमि पर वैधानिक रूप से निर्माण कार्य करा रहे हैं, लेकिन नवाब खान एवं उसके साथियों द्वारा लगातार निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न की जा रही है तथा आवागमन के रास्ते में भी अवरोध खड़ा किया जा रहा है।
रामसहाय कुशवाहा ने शिकायत में आरोप लगाया है कि नवाब खान राजनीतिक संरक्षण का लाभ उठाकर उनकी पैतृक भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। उनका कहना है कि उन्हें लगातार जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है और इंकार करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जा रही हैं।
शिकायत में उल्लेख है कि 29 जून 2026 की रात लगभग 11:30 बजे नवाब खान अपने साथ करीब 20 से 25 लोगों को लेकर गाटर घाट कर्बला के पास पहुंचा। वहां कथित रूप से गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने कहा कि यदि जल्द जमीन नहीं बेची गई तो उन्हें जान से मारकर वहीं दफना दिया जाएगा। इस घटना के बाद से शिकायतकर्ता एवं उनका परिवार भय के साये में जीवन व्यतीत कर रहा है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर से मांग की है कि आरोपियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाए, परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा उनकी भूमि और आवागमन के मार्ग पर किए जा रहे कथित अवैध हस्तक्षेप को तत्काल रोका जाए।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस अथवा प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, शिकायत में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं, जिनकी पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।
