कटनी। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस अधिनियम के माध्यम से संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया है, जिससे उनकी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित होगी।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी ने कहा कि यह कानून देश की आधी आबादी को मुख्यधारा में लाने का सशक्त माध्यम बनेगा। विधायक संदीप जायसवाल ने इसे प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताते हुए कहा कि इससे लोकतंत्र और मजबूत होगा।प्रदेश प्रवक्ता डॉ. वाणी अहलुवालिया ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
महिला मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य सपना सरावगी एवं जिला अध्यक्ष सीमा जैन सोहगानी ने कहा कि महिलाओं को अब निर्णय लेने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण स्थान मिलेगा।महापौर प्रीति सूरी, जिला उपाध्यक्ष अंकिता तिवारी तथा पूर्व विधायक अलका जैन ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा और महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना और बढ़ेगी।
इस अवसर पर जिला कार्यालय मंत्री अंबरीश वर्मा एवं मीडिया प्रभारी आशुतोष शुक्ला सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी ने नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और समाज में समानता स्थापित करने का संकल्प लिया।
