सड़क बनी गैराज, अतिक्रमण से जाम हालात — प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
कटनी। शहर के व्यस्ततम बस स्टैंड चौकी क्षेत्र में इन दिनों अव्यवस्था और अतिक्रमण ने विकराल रूप ले लिया है। सूर्या होटल के बगल स्थित सड़क अब मानो गैराज में तब्दील हो गई है, जहां मिस्त्रियों द्वारा चार पहिया वाहनों की मरम्मत के नाम पर खुलेआम सड़क पर कब्जा किया जा रहा है। दिनभर सड़क पर खड़ी गाड़ियों की लंबी कतारें न केवल यातायात को बाधित कर रही हैं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बनती जा रही हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, सुबह से लेकर देर शाम तक सड़क पर कई वाहन खड़े रहते हैं, जिनकी मरम्मत कार्य सड़क पर ही किया जाता है। इससे मार्ग इतना संकरा हो जाता है कि दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को निकलने में भारी मशक्कत करनी पड़ती है। कई बार तो स्थिति ऐसी बन जाती है कि आमने-सामने से आ रहे वाहनों को निकलने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है, जिससे जाम जैसे हालात निर्मित हो जाते हैं।
बस स्टैंड क्षेत्र होने के कारण यहां पहले से ही यात्रियों और वाहनों का भारी दबाव रहता है। ऐसे में सड़क पर अतिक्रमण कर वाहनों को खड़ा करना और वहीं मरम्मत कार्य करना दुर्घटना को न्योता देने जैसा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार छोटे-मोटे हादसे होते-होते टल चुके हैं, लेकिन यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो कोई बड़ा सड़क हादसा होना तय है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस गंभीर समस्या के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी पूरी तरह मौन साधे हुए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी न तो कोई कार्रवाई की गई और न ही अतिक्रमण हटाने की कोई ठोस पहल दिखाई दे रही है। इससे साफ जाहिर होता है कि प्रशासन इस ओर ध्यान देने में लापरवाही बरत रहा है।
नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क से अतिक्रमण हटाने, अवैध रूप से चल रही सड़क किनारे मरम्मत गतिविधियों पर रोक लगाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को कब तक नजरअंदाज करता है, या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही नींद से जागेगा।
