Oplus_16908288
500 रुपये की अवैध वसूली करते पकड़ा गया पुलिसकर्मी, एसपी ने की त्वरित कार्रवाई
कटनी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक फिल्मी अंदाज़ में चलाए गए गुप्त ऑपरेशन में पुलिस विभाग के ही एक आरक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। ट्रैक्टर में सादे वेश में बैठी दो महिलाएं वास्तव में पुलिस अधिकारी थीं,
जिनके द्वारा रचे गए इस सीक्रेट ऑपरेशन ने अवैध वसूली के खेल का पर्दाफाश कर दिया।जानकारी के अनुसार बहोरीबंद क्षेत्र में किसानों से वाहन चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने विशेष रणनीति तैयार कर गुप्त मिशन चलाने के निर्देश दिए। इस ऑपरेशन की जिम्मेदारी स्लिमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी और प्रशिक्षु डीएसपी शिवा पाठक को सौंपी गई।
योजना के तहत महिला अधिकारियों ने ग्रामीण महिलाओं का वेश धारण किया और सोमवार सुबह करीब 5 बजे एक ट्रैक्टर में सवार होकर बहोरीबंद बस स्टैंड क्षेत्र की ओर रवाना हुईं। चालक को पहले से चिन्हित 500 रुपये का नोट दिया गया था और निर्देश दिया गया कि यदि कोई पुलिसकर्मी पैसे मांगे तो वही नोट दिया जाए।
स्लिमनाबाद मोड़ पर तैनात बहोरीबंद थाने के मोबाइल वाहन चालक आरक्षक लक्ष्मण पटेल ने ट्रैक्टर को रोककर कार्रवाई का भय दिखाया और 500 रुपये की मांग की। जैसे ही चालक ने चिन्हित नोट दिया, ट्रैक्टर में बैठी महिला अधिकारी तुरंत सामने आईं और आरक्षक को रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
मामले के प्रमाण सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए बहोरीबंद थाना प्रभारी को लाइन अटैच किया तथा रिश्वत लेते पकड़े गए आरक्षक को निलंबित कर दिया।
इस कार्रवाई के बाद जिले सहित प्रदेश भर में हड़कंप मच गया है। अवैध वसूली में लिप्त लोगों के बीच भय का माहौल देखा जा रहा है। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
