
कटनी/विजयराघवगढ़। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। दोनों वाहनों के विरुद्ध बीएनएसएस एवं खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 2 और 3 अगस्त की दरम्यानी रात गश्त के दौरान ग्राम खेरवा रोड पर कार्रवाई की।
पुलिस ने महिंद्रा कंपनी का लाल रंग का ट्रैक्टर (क्रमांक MP 21 ZB 8732) रेत से भरा हुआ पाया। चालक नीरज यादव निवासी ग्राम खजुरा से रेत परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद ट्रैक्टर को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
इसी दौरान सिल्वर रंग का एस्सार कंपनी का ट्रैक्टर (क्रमांक MP 21 AA 7773) भी अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। चालक सुखलाल कोल निवासी ग्राम भीमपार भी रेत परिवहन के संबंध में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके चलते पुलिस ने उक्त ट्रैक्टर भी जब्त कर लिया।
पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को धारा 106 बीएनएसएस एवं खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4/21 के तहत जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के साथ उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह एवं आरक्षक पप्पू प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
