
05 सूत्रीय लंबित मांगों के निराकरण की उठाई आवाज, कैडर रिव्यू से लेकर नायब तहसीलदार परीक्षा और लंबित मानदेय भुगतान तक की प्रमुख मांगें
कटनी। वर्षों से लंबित मांगों के निराकरण को लेकर मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने अब आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। जिला कटनी इकाई के नेतृत्व में पटवारियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी न्यायोचित मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 15 से 17 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर के पटवारी तीन दिवसीय सांकेतिक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
पटवारी संघ का कहना है कि संगठन पिछले कई वर्षों से शासन स्तर पर अपनी मांगों के निराकरण के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। संगठन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें पटवारी महाधिवेशन में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया था, जिसे स्वीकार करते हुए नवंबर 2025 में समय देने का आश्वासन मिला था। बावजूद इसके अब तक न तो महाधिवेशन की तिथि तय हुई और न ही पटवारी संवर्ग की वर्षों पुरानी मांगों पर कोई ठोस निर्णय लिया गया। इससे प्रदेशभर के पटवारियों में गहरी निराशा और असंतोष व्याप्त है।
पटवारी संघ की प्रमुख मांगें
1.कैडर रिव्यू तत्काल लागू कर पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान की विसंगतियों का निराकरण।
2.नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा शीघ्र आयोजित की जाए।
3.न्यायिक कार्यों के दौरान पटवारियों को विधिक संरक्षण देने के लिए जज प्रोटेक्शन एक्ट के दायरे में शामिल किया जाए।
4.कृषि संगणना, लघु सिंचाई संगणना, फार्मर आईडी, जनगणना सहित विभिन्न शासकीय कार्यों के लंबित मानदेय एवं अन्य वित्तीय देयकों का शीघ्र भुगतान किया जाए।
5.संघ पदाधिकारियों के स्थानांतरण नीति के विरुद्ध किए गए तबादले निरस्त किए जाएं तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित परामर्शदात्री बैठक आयोजित की जाए।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा में मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 15 से 17 जुलाई तक प्रदेश के सभी पटवारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इसके बाद भी सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक बनाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष दादूराम पटेल, कार्यकारी जिलाध्यक्ष मदन मोहन राय, उपाध्यक्ष सुजाता सिंह बघेल, वरिष्ठ सचिव प्रमोद दीक्षित, अभिषेक तिवारी उत्साही, तहसील अध्यक्ष कटनी नगर राजेश दुबे, तुलाराम वर्मा, रीठी तहसील अध्यक्ष आशीष शर्मा, विजेता चक्रवर्ती, रुचिता जैन, एकता श्रीवास्तव, यति चौरसिया सहित जिले के सैकड़ों पटवारी मौजूद रहे।
