
भाई के असामयिक निधन और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद नहीं मानी हार, लघु उद्योग भारती परिवार ने दी बधाई

जबलपुर। दृढ़ इच्छाशक्ति, अथक परिश्रम और अटूट संकल्प का परिचय देते हुए जबलपुर की कु. विदुषी सिंह ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मई 2026 में आयोजित सीए फाइनल परीक्षा के घोषित परिणामों में विदुषी ने शानदार सफलता अर्जित कर अपने परिवार, समाज और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी विदुषी सिंह, लघु उद्योग भारती महाकौशल प्रांत के महामंत्री हरी सिंह भदौरिया एवं श्रीमती शोभना सिंह की सुपुत्री हैं। उनकी यह उपलब्धि केवल शैक्षणिक सफलता नहीं, बल्कि संघर्ष, धैर्य और आत्मविश्वास की प्रेरणादायक कहानी भी है।विदुषी वर्ष 2020 से सीए बनने के लक्ष्य को लेकर निरंतर प्रयासरत थीं। कोरोना महामारी के कारण उनकी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा तथा उनके दो महत्वपूर्ण वर्ष प्रभावित हुए। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और पूरे समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती रहीं।इसी दौरान जीवन ने उन्हें एक और कठिन परीक्षा के सामने खड़ा कर दिया। सीए फाइनल परीक्षा के अंतिम चरण में, जब केवल दो पेपर शेष थे, तब उनके सगे भाई का असामयिक निधन हो गया। इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया, लेकिन विदुषी ने अपने भाई के सपनों और माता-पिता की उम्मीदों को शक्ति बनाकर आगे बढ़ने का निर्णय लिया।गहरे मानसिक आघात और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने स्वयं को संभाला, पढ़ाई जारी रखी और मई 2026 की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ग्रुप-2 में सफलता प्राप्त कर चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का सपना साकार कर दिखाया।विदुषी सिंह की इस उपलब्धि पर लघु उद्योग भारती परिवार में हर्ष का माहौल है। संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों सहित अनेक सदस्यों ने हरी सिंह भदौरिया के निवास पहुंचकर तथा संदेशों के माध्यम से विदुषी को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने कहा कि विदुषी ने यह सिद्ध कर दिया है कि मजबूत संकल्प और आत्मविश्वास के बल पर जीवन की सबसे बड़ी चुनौतियों को भी पार किया जा सकता है। उनका संघर्षपूर्ण सफर देशभर के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।विदुषी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, दिवंगत भाई की प्रेरणादायी स्मृतियों तथा गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया है।— जारीकर्ता : लघु उद्योग भारती, कटनी इकाई
