
कटनी। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल अस्पताल मार्ग पर ऑटो चालकों द्वारा किए जा रहे अवैध वाहन पार्किंग के मामले को गंभीरता से लेते हुए यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह शुक्रवार शाम मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़े ऑटो वाहनों को हटवाते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश दिए गए।
यातायात थाना प्रभारी ने ऑटो चालकों के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों पर अवैध पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित होता है और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि भविष्य में यदि किसी भी चालक द्वारा नियमों का उल्लंघन करते हुए सड़क पर अवैध पार्किंग की जाती है तो उसके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने अस्पताल मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए की गई इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि क्षेत्र में जाम की स्थिति से राहत मिल सके।
