
कटनी। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ जिला शाखा कटनी ने मंगलवार को जिला कलेक्टर से मुलाकात कर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग उठाई। संघ के प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न मांगों से संबंधित पत्र एवं ज्ञापन सौंपते हुए कर्मचारियों के हितों में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
संघ के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके एवं मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि ज्ञापन में मध्य प्रदेश शासन द्वारा जारी नवीन पदोन्नति नियम-2025 के अनुरूप जिले के विभिन्न विभागों में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदोन्नति आदेश शीघ्र जारी करने की मांग प्रमुखता से रखी गई। इसके अलावा ई-अटेंडेंस व्यवस्था से संबंधित व्यावहारिक समस्याओं का समाधान, सभी विभागों में कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची जारी करने, जिला स्तरीय संयुक्त परामर्शदात्री समिति की नियमित बैठक आयोजित कराने तथा विभागीय स्तर पर लंबित कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण की मांग भी की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लंबे समय से लंबित इन मुद्दों के कारण कर्मचारियों को विभिन्न प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में समयबद्ध कार्रवाई कर्मचारियों के हित में आवश्यक है।
जिला कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मांगों पर नियमानुसार परीक्षण कर शीघ्र निराकरण कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान संघ के उप प्रांताध्यक्ष अजय गौतम, कार्यकारी अध्यक्ष राकेश जसूजा, अजीमुद्दीन शाह, नीलेश, धर्मेंद्र राज, राकेश पांडेय, अभिषेक सिंह, आयुष पांडेय, नरेश राठौर, सुशील यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
