
महापौर पति व पुत्र निगम में किसी पद पर हैं या नहीं? नागरिक ने मांगी स्पष्ट जानकारी
कटनी। नगर निगम कार्यालय में महापौर पति संजीव सूरी एवं उनके पुत्र की कथित नियमित मौजूदगी को लेकर सवाल उठाते हुए माधवनगर हाउसिंग बोर्ड निवासी हीरालाल विश्वकर्मा ने 1 सितंबर 2026 को नगर निगम आयुक्त श्रीमती तपस्या परिहार को शिकायत पत्र सौंपा है। शिकायत में महापौर पति एवं उनके पुत्र की नगर निगम में किसी आधिकारिक भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता ने पत्र में उल्लेख किया है कि महापौर कार्यालय के आसपास संजीव सूरी की लगातार मौजूदगी दिखाई देती है। शिकायत के अनुसार, वे कार्यालय परिसर में सुबह से शाम तक नजर आते हैं तथा महापौर कार्यालय में उनका आना-जाना भी बना रहता है। इसे लेकर शिकायतकर्ता ने नगर निगम प्रशासन से सवाल किया है कि क्या महापौर पति अथवा उनके पुत्र निगम में किसी पद पर कार्यरत हैं?
नियुक्ति है तो पद, विभाग और दायित्व बताने की मांग
शिकायत पत्र में नगर निगम आयुक्त से मांग की गई है कि यदि संजीव सूरी अथवा उनके पुत्र नगर निगम में विधिवत नियुक्त हैं तो उनके पद, विभाग एवं कार्यदायित्व की जानकारी स्पष्ट की जाए। वहीं यदि वे निगम के कर्मचारी या किसी पद पर नियुक्त नहीं हैं तो निगम कार्यालय में उनकी नियमित मौजूदगी का आधार भी स्पष्ट किया जाए।
‘किसी व्यक्ति पर आरोप नहीं, जानकारी चाहिए’
शिकायतकर्ता ने पत्र में कहा है कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि नगर निगम की कार्यप्रणाली एवं कार्यालयीन व्यवस्था को लेकर स्पष्ट जानकारी प्राप्त करना है। उनका कहना है कि यदि महापौर पति अथवा उनके पुत्र को निगम में कोई आधिकारिक जिम्मेदारी सौंपी गई है तो उसकी जानकारी स्पष्ट रूप से सामने आनी चाहिए।
1 सितंबर 2026 को नगर निगम आयुक्त को सौंपी गई इस शिकायत के बाद अब निगम प्रशासन के जवाब का इंतजार है।
