
जिला पंचायत सीईओ के निर्देश पर अधिकारियों ने किया फील्ड विजिट, हितग्राही की बगिया का लिया जायजा
कटनी, 2 सितंबर। जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन की हकीकत परखने जिला पंचायत के अधिकारी लगातार फील्ड विजिट कर रहे हैं। इसी क्रम में परियोजना अधिकारी ऋषिराज चढ़ार एवं अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह ने बड़वारा पहुंचकर मां की बगिया योजना के अंतर्गत हितग्राही लीलाबाई चौधरी द्वारा विकसित की गई फलदार पौधों की बगिया का अवलोकन किया।
हितग्राही लीलाबाई चौधरी द्वारा विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत आम, नींबू सहित अन्य प्रजातियों के फलदार पौधे लगाए गए हैं। अब इन पौधों में धीरे-धीरे फल आने लगे हैं, जिससे बगिया में भविष्य की आर्थिक समृद्धि की उम्मीद दिखाई देने लगी है।
फील्ड विजिट के दौरान अधिकारियों ने पौधों की स्थिति का जायजा लेते हुए हितग्राही को फलदार पौधों की नियमित देखभाल, सुरक्षा एवं उचित संरक्षण के लिए आवश्यक सुझाव दिए। अधिकारियों ने कहा कि पौधों के बेहतर रखरखाव से आने वाले समय में इनसे अधिक उत्पादन एवं आर्थिक लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
हितग्राही लीलाबाई चौधरी ने बताया कि फलदार पौधों के बड़े होने और फल देने की शुरुआत से उन्हें भविष्य में अतिरिक्त आर्थिक लाभ की उम्मीद जगी है। उन्होंने योजना का लाभ दिलाने के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला पंचायत अधिकारियों की यह मैदानी निगरानी इस बात को भी रेखांकित करती है कि योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका वास्तविक असर हितग्राहियों के जीवन में दिखाई दे।
