सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पेट्रोल चोरी का मामला, कटनी बस स्टैंड स्थित पेट्रोल पंप पर लगे गंभीर आरोप
कटनी। शहर के बस स्टैंड क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें ग्राहकों को कम मात्रा में पेट्रोल दिए जाने और ईंधन में हेराफेरी किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
वायरल पोस्ट के बाद आम लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे संदेश में दावा किया गया है कि पेट्रोल पंप पर ग्राहकों के साथ ठगी की जा रही है तथा तय मात्रा से कम पेट्रोल दिया जा रहा है।
पोस्ट में प्रशासन से संबंधित पेट्रोल पंप के संचालन की जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई वाहन चालकों को पहले से ही पेट्रोल की मात्रा और वाहन माइलेज को लेकर संदेह था। अब मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है।
नागरिकों ने जिला प्रशासन, मापतौल विभाग एवं खाद्य विभाग से पेट्रोल पंप की मशीनों की जांच कराने और उपभोक्ताओं के हित में कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में आम जनता के साथ इस प्रकार की धोखाधड़ी न हो।
जांच के बाद ही सामने आएगी सच्चाईफिलहाल वायरल पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
