कटनी में प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह का आगमन, जल संरक्षण और स्वच्छता को लेकर दिलाई जनभागीदारी की शपथ

कटनी, 09 मई। प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह शनिवार को एक दिवसीय प्रवास पर कटनी पहुंचे। उनके आगमन पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।

जिले के प्रवास के दौरान प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने जिले में संचालित विकास परियोजनाओं, अधोसंरचना कार्यों, शिक्षा, परिवहन एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे और विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।अपने प्रवास के दौरान प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने जल गंगा संवर्धन अभियान एवं स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता की।

वे मसूरहा घाट पहुंचे, जहां जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा को लेकर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं युवाओं को जल संरक्षण की शपथ दिलाई और जल स्रोतों के संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री सिंह ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि नदियों, तालाबों और अन्य जल स्रोतों को बचाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा। शासन द्वारा चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान का उद्देश्य केवल जल संरक्षण ही नहीं, बल्कि लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।उन्होंने स्वच्छता अभियान पर भी विशेष बल देते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दें।
इस दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लोगों ने जल संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर सामूहिक सहभागिता का संकल्प लिया।
