
महिला कांग्रेस का ‘मां तुझे सलाम—मेरी पतंग, मेरी अभिव्यक्ति’ कार्यक्रम आयोजित
कटनी। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा एवं मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी के निर्देशानुसार कटनी शहर महिला कांग्रेस द्वारा ‘मां तुझे सलाम—मेरी पतंग, मेरी अभिव्यक्ति’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा ने किया।
कार्यक्रम में 15 से 25 वर्ष की बेटियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने स्वयं आकर्षक पतंगें तैयार कर उन पर अपने सपनों, विचारों, भावनाओं और संदेशों को रचनात्मक तरीके से अभिव्यक्त किया। इसके साथ ही प्रतिभागियों ने वीडियो के माध्यम से अपनी बात रखी और QR कोड के जरिए अपनी कला एवं भावनाओं को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कार्यालय, दिल्ली तक पहुंचाया।
शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों द्वारा तैयार की गई पतंगों एवं उन पर लिखे संदेशों को वीडियो और QR कोड के माध्यम से केंद्रीय स्तर पर भेजा गया है। वहां से अभियान के तहत विजेताओं का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रथम विजेता को 10 लाख रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा, जबकि चयनित अन्य प्रतिभागियों को भी अलग-अलग नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला रहे। उन्होंने प्रतिभागी बेटियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी को प्रशस्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में शशि यादव, श्वेता कटारे, आदिता वर्मा, रूपा तिवारी, रेखा तिवारी, सुनीता सोनी, लक्ष्मी रजक, वर्षा बेरा, मंगल सिंह, रमेश सोनी, अभिषेक शिवहरे, रॉबिन पीटर, दिलदार खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
रजनी वर्मा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य बेटियों की सोच, सपनों, भावनाओं और रचनात्मकता को अभिव्यक्ति का मंच देना है। पतंगों के माध्यम से बेटियों ने स्वतंत्रता, आत्मविश्वास और अपने सपनों को लेकर अपनी भावनाएं सामने रखीं।
