
कटनी। नैगवां मार्ग पर सड़क किनारे तेंदुआ दिखाई देने का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में तेंदुआ सड़क पर विचरण करता नजर आ रहा है और बाद में एक वाहन के नीचे बैठा दिखाई देता है।
वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि विद्यालय से लौटने के दौरान राहगीरों ने तेंदुए को सड़क पर देखा था। घटना की सूचना वन विभाग को दी गई है।
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। वन विभाग द्वारा तेंदुए की मौजूदगी और उसकी गतिविधियों की जांच किए जाने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय लोगों से जंगल अथवा सड़क किनारे अकेले न जाने और वन्यजीव दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
