
50 चार पहिया और 100 से अधिक दोपहिया वाहन चालकों को रोककर दी समझाइश, हेलमेट-सीट बेल्ट के प्रति किया जागरूक

कटनी। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी रत्नेश मिश्रा के निर्देशानुसार यातायात पुलिस द्वारा झिझरी यातायात थाना के पास विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने करीब 50 चार पहिया वाहन चालकों एवं 100 से अधिक दोपहिया वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने तथा दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस ने वाहन चालकों को समझाया कि सड़क पर वाहन चलाते समय थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा सड़क पर अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की गई।
हेलमेट पहनने वालों को दिया धन्यवाद
अभियान के दौरान हेलमेट पहनकर यातायात नियमों का पालन करते हुए गुजर रहे दोपहिया वाहन चालकों को पुलिसकर्मियों ने धन्यवाद देकर उनका उत्साहवर्धन किया। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि हेलमेट और सीट बेल्ट को केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का साधन समझें।
एसआई शशिभूषण ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों में सुरक्षित यातायात की आदत विकसित करना है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने वाहन चालकों से स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।
निरंतर जारी रहेगा अभियान
यातायात पुलिस के अनुसार सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता को लेकर इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य अधिक से अधिक वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जनसहभागिता को बढ़ावा देना है।
अभियान में आरआई अंजू लकड़ा, एसआई शशिभूषण, आरक्षक दीपक सिंह, आरक्षक मंजय यादव एवं आरक्षक राजकुमार अहिरवार सहित यातायात पुलिस का अमला मौजूद रहा।
जनहित में यातायात पुलिस की अपील
हेलमेट लगाएं, सीट बेल्ट बांधें और सुरक्षित गति से वाहन चलाएं। सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल पुलिस की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। यातायात नियमों का पालन कर एक व्यक्ति न केवल अपनी जिंदगी सुरक्षित रख सकता है, बल्कि किसी दूसरे परिवार को भी सड़क हादसे के दर्द से बचाने में योगदान दे सकता है।
