
मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, एक घायल जबलपुर रेफर; दो का निजी अस्पताल में उपचार जारी
कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र के आजाद चौक में मंगलवार सुबह वाहन की टक्कर को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। आजाद चौक से लेकर बलदेऊ टेंट के पास तक हुए विवाद के दौरान मारपीट और चाकूबाजी की घटना सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना में तीन युवकों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें एक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जबलपुर रेफर किया है, जबकि दो घायलों का कटनी के निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत वाहन की टक्कर को लेकर हुई बताई जा रही है। घायल पक्ष द्वारा दिए गए बयान के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद करीब 8 से 10 लोगों द्वारा मारपीट किए जाने तथा चाकू और पत्थर से हमला करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों और विवाद के पीछे की पूरी वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना में अभिषेक निषाद, कलश मालिक और महेंद्र कुमार के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जबलपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा विवाद के दौरान मौजूद लोगों और घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, चाकूबाजी में कौन-कौन लोग शामिल थे और घटना में किसकी भूमिका रही। फिलहाल क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
