
कटनी। कैलवारा फाटक स्थित छघरा मोहल्ले के रहवासियों ने मंगलवार को एसपी जनसुनवाई में पहुंचकर रात्रि में घर पर पथराव, गाली-गलौज, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा शिकायत वापस लेने के लिए कथित रूप से दबाव और धमकी दिए जाने की शिकायत की।
शिकायतकर्ता सुषमा जायसवाल ने बताया कि 10 सितंबर की देर रात करीब 12 बजे आकाश ठाकुर, मंजा उर्फ राज आदिवासी, साहिल भूमिया, चाहत भूमिया सहित अन्य लोगों पर घर के बाहर हंगामा कर पथराव करने का आरोप है। शिकायत के अनुसार, पथराव में घर के बाहर खड़ी स्प्लेंडर बाइक सहित घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना के दौरान स्थानीय लोगों की मदद से दो युवकों को डायल-112 पुलिस के हवाले किया गया, लेकिन बाद में एक युवक को छोड़ दिया गया। इसके बाद शिकायत दर्ज कराने को लेकर उन्हें बस स्टैंड चौकी एवं कोतवाली थाने के बीच भटकना पड़ा।
रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि एसपी कार्यालय में शिकायत किए जाने के बाद शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है तथा आरोपियों द्वारा परिवार को धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और नशे से जुड़ी गतिविधियों की जांच कराने की मांग भी की।
शिकायत में रीना भूमिया, चंद्राबाई भोमिया, गुलाब बाई विश्वकर्मा, मनीष कुशवाहा, श्याम भाई बर्मन, सुषमा बर्मन और रोशनी जायसवाल को घटनाक्रम के संबंध में गवाह बताया गया है। रहवासियों ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों पर वैधानिक कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
