कटनी नगर निगम में सनसनी: आउटसोर्स सफाईकर्मी ने पेट्रोल डालकर किया आत्मदाह का प्रयास, जनकल्याण शिविर में मचा हड़कंप
कटनी। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याण योजनाओं के माध्यम से आमजन को राहत पहुंचाने के प्रयासों के बीच कटनी नगर निगम में आयोजित जनकल्याण योजना शिविर के दौरान एक गंभीर घटना सामने आई, जिसने पूरे प्रशासनिक तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं।शिविर के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नगर निगम में कार्यरत एक आउटसोर्स सफाईकर्मी ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उसे रोक लिया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई।जानकारी के अनुसार, संतोष करोसिया, जो मूल रूप से छतरपुर जिले के निवासी हैं और वर्तमान में कटनी के कैलवारा क्षेत्र में रह रहे थे, पिछले लगभग 8 वर्षों से नगर निगम में आउटसोर्स सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत थे।आरोप है कि उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना के काम से हटा दिया गया और उनका एक माह का वेतन भी रोक दिया गया। बताया जा रहा है कि रोजगार समाप्त होने और आर्थिक संकट के चलते वे मानसिक तनाव में थे।पीड़ित के अनुसार, वह अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए पूरी तरह इसी नौकरी पर निर्भर था, लेकिन अचानक नौकरी से बाहर किए जाने के बाद वह गंभीर संकट में आ गया।इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि जब स्वयं नगर निगम के आउटसोर्स कर्मचारी ही असुरक्षा और आर्थिक दबाव से जूझ रहे हैं, तो आम नागरिकों तक जनकल्याण योजनाओं का वास्तविक लाभ कितनी प्रभावी तरीके से पहुंच पाएगा।👉 मामला अब प्रशासनिक लापरवाही और आउटसोर्स व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर बहस का विषय बन गया है।
