
कटनी। दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित INDIA ब्लॉक के सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार और निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर देशभर में कांग्रेस द्वारा मनाए जा रहे विरोध कार्यक्रम के तहत कटनी शहर महिला कांग्रेस ने भी काला दिवस मनाया। महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा के नेतृत्व में महिला कांग्रेस पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने विरोध प्रदर्शन कर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना, जवाब मांगना और मतदाताओं के मत की पारदर्शिता की मांग करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के कार्यकाल में इन अधिकारों का लगातार हनन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर मध्य प्रदेश में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार सड़कों पर उतरकर विरोध दर्ज करा रही हैं।
वरिष्ठ कांग्रेसी प्रियदर्शन गौर ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष द्वारा देशभर में भ्रष्टाचार और तानाशाही को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
वरिष्ठ कांग्रेसी राकेश जैन काका ने कहा कि मतदान का अधिकार जनता का संवैधानिक एवं मौलिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से बिना सूचना नाम हटाए जाने तथा नए मतदाताओं के नाम नहीं जोड़े जाने की शिकायतें लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने की मांग की।
कांग्रेस संगठन मंत्री प्रेम बत्रा ने कहा कि देश में अब तक कीमती सामानों की चोरी की बातें सुनी जाती थीं, लेकिन अब वोट की चोरी जैसे आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए जनता को जागरूक होकर आवाज उठानी चाहिए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सेवा दल अध्यक्ष मंगल सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के हितों और अधिकारों के लिए उनके साथ खड़ी रही है और आगे भी लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में सुमन रजक, दुर्गावती कोल, रुक्मणी पांडे, रूपा तिवारी, अर्चना जायसवाल, सुनीता सोनी, कल्पना पाठक, किरण सोनी, मंजू रजक, प्रियदर्शन गौर, राकेश जैन काका, प्रेम बत्रा, आनंद पटेल, अशफाक अहमद, चोखे भाईजान, अजय जैसवानी, श्याम पाहुजा, मंगल सिंह, दिलदार सिंह, रमेश सोनी, दिग्विजय सिंह, संजू गुप्ता, अभय गौतम, ब्रजेश मौर्य, इमरान खान, उदय सिंह, ओमप्रकाश सकतेल, साहिल नामदेव, मोहम्मद फरीद, अशफाक चिस्ती, हर्षित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
