राहुल गांधी, प्रियंका गांधी एवं INDIA ब्लॉक के सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध
कटनी। भारतीय लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ जिला कांग्रेस कमेटी कटनी द्वारा गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाते हुए जवाबदेही की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी एवं INDIA ब्लॉक के सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मुद्दे को लेकर भी विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर निर्वाचन आयोग को पारदर्शिता के साथ जवाब देना चाहिए।
धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं ने “ज्ञानेन्द्र कुमार हटाओ, देश बचाओ” सहित विभिन्न नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना आवश्यक है तथा मतदाताओं के विश्वास और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर उठने वाले सवालों का समाधान संवैधानिक संस्थाओं की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि जनता के मत की ताकत को कमजोर करने वाली किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। उन्होंने संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
धरना-प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से राकेश जैन कक्का, राजेश जाटव, अजय जैसवानी, जितेन्द्र गुप्ता, आफताब अहमद चोखे, भाई मंजू निषाद, मंगल सिंह, दिग्विजय सिंह, संजय गुप्ता, रमेश अहिरवार, अहमद कुरैशी, जितेंद्र सिंह, रमेश मिश्रा, हरीश आहूजा, राजकुमार विश्वकर्मा, सुशील जायसवाल, श्याम यादव, सचिन गर्ग, इमरान खान, दिलदार खान, अंशु गुप्ता, मुकेश बर्मन, हर्षित मिश्रा एवं मो. फरीद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनका यह प्रदर्शन लोकतंत्र, संविधान और मतदाता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर है। उन्होंने कहा कि “लोकतंत्र की आवाज दबेगी नहीं, बल्कि और मजबूती से उठेगी” तथा प्रत्येक मतदाता के मत का सम्मान सर्वोपरि रहना चाहिए।
