
25वीं UCMAS India National Competition 2026 में अपने वर्ग में हासिल किया प्रथम स्थान, जिले और मध्यप्रदेश का बढ़ाया गौरव
कटनी। शहर के जालपा वार्ड निवासी होनहार बाल प्रतिभा तनिष्क त्रिपाठी ने अपनी अद्भुत मानसिक गणित क्षमता, तेज गति और एकाग्रता का शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर कटनी जिले का नाम रोशन किया है। 25वीं UCMAS India National Competition 2026 में तनिष्क ने अपने वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर राष्ट्रीय मंच पर कटनी सहित पूरे मध्यप्रदेश का परचम लहराया।
प्रतियोगिता का आयोजन 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस के अवसर पर वाशी, नवी मुंबई स्थित CIDCO Exhibition & Convention Centre में किया गया। देशभर से हजारों योग्य युवा प्रतिभागियों ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी गणितीय प्रतिभा, गति, सटीकता और एकाग्रता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता की सबसे बड़ी चुनौती यह रही कि प्रतिभागियों को महज 8 मिनट में 200 अंकगणितीय सवालों को हल करने का प्रयास करना था। इतनी कम समय सीमा में अधिकतम सवालों को सटीकता के साथ हल करना प्रतिभागियों की मानसिक गणना क्षमता और एकाग्रता की कठिन परीक्षा थी। इसी चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता में तनिष्क ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया।
तनिष्क त्रिपाठी, पिता रिंकू त्रिपाठी, निवासी जालपा वार्ड, कटनी, की इस उपलब्धि से परिवार, गुरुजनों और शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। उनकी सफलता को कटनी की युवा प्रतिभा के राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के रूप में देखा जा रहा है।राष्ट्रीय मंच पर चमका कटनी का सितारा
UCMAS की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली बच्चों के बीच प्रथम स्थान प्राप्त करना तनिष्क की मेहनत, नियमित अभ्यास और मानसिक गणित में उनकी दक्षता को दर्शाता है। तनिष्क की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी काबिलियत का लोहा मनवा सकती हैं।
6 सितंबर 2026 को आयोजित पुरस्कार समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। तनिष्क की उपलब्धि से कटनी जिले के लिए यह गौरव का क्षण बन गया है।
