
परिजनों को बिना बताए मृत अवस्था में अस्पताल लाने का आरोप, माधवनगर के नारायण प्रोडक्ट दाल मिल में हादसे से मचा हड़कंप
कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र के गांधी मार्केट स्थित नारायण प्रोडक्ट दाल मिल में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने सनसनी फैला दी। दाल मिल में काम करने के दौरान 28 वर्षीय महिला मशीन के पट्टे की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद महिला को मृत अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया।
मृतका की पहचान प्रियंका यादव (28), पति जुगल किशोर यादव, निवासी मानसरोवर यादव मोहल्ला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे प्रियंका दाल मिल में काम कर रही थीं। इसी दौरान वह मशीन के पट्टे में फंस गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत होने की बात सामने आ रही है।
मृत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद दाल मिल के मालिक की ओर से प्रियंका को जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दिए बिना शव अस्पताल लाए जाने की बात सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं।
परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो वे जिला अस्पताल पहुंचे। अचानक हुई मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि उन्हें घटना की जानकारी समय पर नहीं दी गई।
मिल में सुरक्षा इंतजामों पर भी उठे सवाल
यह हादसा दाल मिल में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े करता है। आखिर मशीन के पट्टे के आसपास किस तरह की सुरक्षा व्यवस्था थी? क्या श्रमिकों को मशीन संचालन के दौरान आवश्यक सुरक्षा प्रशिक्षण और उपकरण उपलब्ध कराए गए थे? इन सभी बिंदुओं की जांच आवश्यक है।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। पुलिस द्वारा घटना स्थल, मशीन की स्थिति और हादसे के समय मौजूद लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही हादसे के बाद महिला को अस्पताल पहुंचाने और परिजनों को सूचना देने की पूरी प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हादसे की वास्तविक परिस्थितियां और किसी की लापरवाही सामने आने की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

