
नगर परिषद अध्यक्ष पलक नामित ग्रोवर ने की महाआरती, 21 अक्टूबर को निकलेगा भव्य चल समारोह

कैमोर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर कैमोर नगर के वार्ड क्रमांक-4 स्थित खेर माता मढ़िया समिति द्वारा मां काली की भव्य एवं आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई है। मां काली के दिव्य स्वरूप के दर्शन और पूजन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। माता के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है। नवरात्र के चलते क्षेत्र में उत्सव और आस्था का माहौल देखने को मिल रहा है।
नगर परिषद अध्यक्ष ने की मां काली की आरती
धार्मिक आयोजन के क्रम में बीते शाम नगर परिषद कैमोर की अध्यक्ष पलक नामित ग्रोवर खेर माता मढ़िया पहुंचीं। यहां उन्होंने विधि-विधान से मां काली की आरती कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। इस दौरान समिति के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। आरती के दौरान श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया।
विजयादशमी पर भंडारा, 21 अक्टूबर को निकलेगा चल समारोह
खेर माता मढ़िया समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि नवरात्र पर्व के अंतर्गत आगामी धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां उत्साहपूर्वक की जा रही हैं। विजयादशमी के पावन अवसर पर समिति द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों को प्रसाद ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
वहीं, 21 अक्टूबर को मां काली की आराधना के साथ भव्य चल समारोह निकाला जाएगा। इस आयोजन में नगर के श्रद्धालुओं और नागरिकों के बड़ी संख्या में शामिल होने की उम्मीद है। समिति द्वारा धार्मिक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
सुनील सिंगोते, पत्रकार, कैमोर
