
सूत्रों का दावा—बिना अनुमति कार्यालय के बाहर डंप हुआ कचरा, विभागीय मिलीभगत की आशंका; जिम्मेदारों की भूमिका जांच के घेरे में।
कटनी। शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (MSW) व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात करीब 10:30 बजे एक निजी हाइवा वाहन, जिसमें कथित रूप से वेस्ट मटेरियल (कचरा) लोड था, MSW कार्यालय के बाहर पहुंचा। बताया जा रहा है कि वाहन के साथ निजी कार में आए रिक्की सरदार नामक व्यक्ति की मौजूदगी में कार्यालय के बाहर हीरो शोरूम की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिया के समीप कचरा डंप करा दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, जब मौके पर मौजूद एक MSW कर्मचारी ने कचरा डंप करने का कारण पूछा तो संबंधित व्यक्ति ने इसे “सिर्फ मलबा” बताते हुए हाइवा चालक को तत्काल वहां से निकलने के लिए कहा। इसके बाद वह स्वयं भी अपनी कार से मौके से चला गया।
जानकारी के अनुसार, निजी संस्थानों से निकलने वाले कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए नगर निगम द्वारा निर्धारित शुल्क लिया जाता है। ऐसे में बिना विभागीय अनुमति और निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए कार्यालय के बाहर कचरा डंप किए जाने से यह सवाल उठ रहे हैं कि कहीं निगम शुल्क से बचने के उद्देश्य से तो ऐसा नहीं किया गया।
मिलीभगत की आशंका, जांच की मांग
सूत्रों का यह भी दावा है कि इतनी बड़ी मात्रा में कचरे से लोड हाइवा वाहन का विभागीय कार्यालय तक पहुंचना और बिना किसी रोक-टोक के कचरा डंप कर निकल जाना कई सवाल खड़े करता है। चर्चा यह भी है कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो विभाग के कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी सामने आ सकती है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जिम्मेदारों से उठ रहे सवाल
यदि निजी संस्थानों के कचरे के निस्तारण के लिए निगम शुल्क निर्धारित है, तो फिर बिना अनुमति कार्यालय के बाहर कचरा कैसे डंप हुआ? क्या संबंधित वाहन और व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होगी? क्या नगर निगम और MSW प्रबंधन पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करेगा? इन सवालों का जवाब अब संबंधित विभाग को देना होगा।
(नोट: समाचार में उल्लिखित घटनाक्रम और मिलीभगत संबंधी दावे स्थानीय सूत्रों के हवाले से हैं। संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)
