

नोबल हार्ट स्कूल में भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा और राष्ट्र निर्माण की कल्पना
कटनी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नोबल हार्ट स्कूल में प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए “मेरे सपनों का भारत” विषय पर भाषण प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचारों, कल्पनाओं और रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से भारत के उज्ज्वल भविष्य की परिकल्पना प्रस्तुत की।
भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने शिक्षा, विकास, स्वच्छता, संस्कार, तकनीक और राष्ट्र निर्माण जैसे विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं चित्रकला के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की तस्वीर रंगों के जरिए उकेरी।
आयोजन के दौरान बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों में सकारात्मक सोच और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शिक्षा, संस्कार, सकारात्मक सोच और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की गई।
सेवा ही संकल्प • संस्कार ही शक्ति • बच्चे ही भारत का भविष्य
