कटनी। स्वास्थ्य विभाग में 18 अप्रैल 1983 को एसआई (स्वच्छता निरीक्षक) पद पर अपनी सेवाएं प्रारंभ करने वाले श्री तेजभान सिंह 30 अप्रैल 2026 को 43 वर्षों की निष्कलंक, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। उनके सम्मान में जिला कांग्रेस कार्यालय में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता अमित शुक्ला ने श्री तेजभान सिंह को पुष्पमाला, श्रीफल एवं शॉल पहनाकर सम्मानित किया और उनके दीर्घ सेवाकाल की सराहना की।
अपने संबोधन में अमित शुक्ला ने कहा कि श्री तेजभान सिंह ने अपने पूरे कार्यकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मठ और समर्पित कर्मचारी ही किसी भी संस्था और समाज की मजबूत नींव होते हैं। उनका योगदान लंबे समय तक याद रखा जाएगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष राजेश जाटव, जितेंद्र गुप्ता, अजय जैसवानी, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष दिग्विजय सिंह, महामंत्री संजय गुप्ता, पिछड़ा वर्ग जिला अध्यक्ष नारायण निषाद, दीपक केशरवानी, हर्षित मिश्रा एवं इखलाक अहमद सहित कांग्रेस कमेटी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी ने श्री तेजभान सिंह के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए उनके उत्कृष्ट सेवाकाल को नमन किया।
