
कटनी। जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ढीमरखेड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। दोनों वाहन चालकों के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण अग्रिम कार्रवाई के लिए खनिज शाखा को भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दशरमन स्थित महादेवी मंदिर के पास मेन रोड पर दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल ढीमरखेड़ा पुलिस ने मौके पर दबिश दी, जहां एक महिंद्रा एवं एक स्वराज कंपनी के ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत से भरे हुए मिले।
वाहनों को रोककर चालकों से पूछताछ की गई। उन्होंने अपने नाम रामकिशोर पिता सुशील लोधी एवं मोहन उर्फ बड्डू पटेल, दोनों निवासी ग्राम दशरमन, बताए। जब उनसे रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद स्वतंत्र साक्षियों की मौजूदगी में दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। आरोपियों के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 05/26 एवं 06/26 के तहत धारा 106 बीएनएस सहित खनिज अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की गई तथा प्रकरण अग्रिम कार्रवाई के लिए खनिज शाखा को भेज दिया गया।
कार्रवाई में इन अधिकारियों और कर्मचारियों की रही अहम भूमिका
निरीक्षक महिमा रघुवंशी, उपनिरीक्षक अनिल पांडे, सहायक उपनिरीक्षक जयपाल मरावी, प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास, अतुल शर्मा तथा आरक्षक डुमन, अजय, पंकज, धर्मवीर और रामसेवक की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।
