कटनी। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण भारत सरकार भोपाल कार्यालय द्वारा उपभोक्ता जागरूकता को लेकर एक विशेष “उपभोक्ता चौपाल कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन कटनी के सहयोग से इंडियन कॉफी हाउस बरगवां कटनी में 28 मई 2026 को शाम 5 बजे आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मानक मित्र हरिशंकर शुक्ल ने की। कार्यक्रम में लगभग 45 महिला एवं पुरुष उपभोक्ताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरिशंकर शुक्ल ने भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की कार्यप्रणाली एवं उपभोक्ता हितों में उसकी भूमिका की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीआईएस एक शासकीय मानक निकाय है, जो गुणवत्ता युक्त सामग्री एवं सेवाओं के लिए मानक निर्धारित करता है। इसके साथ ही सोने-चांदी के आभूषणों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए हॉलमार्किंग प्रमाणन भी प्रदान करता है।
उन्होंने उपस्थित लोगों को बीआईएस मोबाइल एप डाउनलोड कराकर आईएसआई मार्क वाले उत्पादों की जांच करने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही सोने के आभूषणों में हॉलमार्क की जांच कैसे की जाती है, इसकी जानकारी भी दी। श्री शुक्ल ने उपभोक्ताओं को ठगी एवं फर्जीवाड़े से बचने के उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की उपभोक्ता ठगी होने पर शिकायत कहां और कैसे दर्ज कराई जाए, इसकी जानकारी होना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया। उन्होंने कहा कि जागरूक उपभोक्ता ही अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को गुणवत्ता चिह्नों एवं उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है।
इस अवसर पर संगठन के जिलाध्यक्ष के.एल. पांडेय, महिला विंग जिलाध्यक्ष प्रीति सेन, सुमन सैनी, उमा बहरे, कल्पना दुबे एवं संतोष कनकने ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा उपभोक्ता जागरूकता अभियान को समाज के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में शशी शुक्ला, मीना सिंह बघेल, आराधना तिवारी, पीताम्बर भेरवानी, ओ.पी. दुबे, नीता बिचपुरिया, सुनीता कनकने, पूनम त्रिसोलिया, शीतल पांडे, बीना नामदेव, अनामिका गुप्ता, बंदना गेलानी, कल्पना कोटक, अलका अग्रवाल, नीति वर्मा, रिचा बाजपेयी, आकांक्षा बरसिया, शिखा पांडे, आराधना निषाद, योगिता त्रिसोलिया, कल्पना कुचिया, राजा अहिरवार, गुरमुखदास बालानी, रिचा तिवारी, पूर्णिमा सिंह, लता खरे, मीना शुक्ला, सुभाष गुप्ता, कांती चौबे सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं उपभोक्ता उपस्थित रहे।
